केसीपारा चौक पर भंवरों का हमला, दर्जनों बच्चे व राहगीर घायल

गिद्ध द्वारा छत्ता छेड़ने से भड़का झुंड, ग्रामीणों ने धुआं कर काबू पाया

By Prabhat Khabar News Desk | April 30, 2026 10:21 PM

गुमला. गुमला थाना क्षेत्र के केसीपारा चौक के पास गुरुवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गयी, जब पीपल के पेड़ पर बसे भंवरों का झुंड अचानक हिंसक हो उठा. बताया जा रहा है कि पेड़ पर मौजूद छत्ते को एक गिद्ध ने छेड़ दिया, जिसके बाद भड़के भंवरों ने स्कूल जा रहे बच्चों और राहगीरों पर हमला कर दिया. सुबह करीब सात बजे केसीपारा स्थित राजकीयकृत मवि और टैसेरा मोड़ के ज्ञान ज्योति स्कूल के छात्र रोज की तरह स्कूल जा रहे थे, तभी भंवरों का झुंड उन पर टूट पड़ा. देखते ही देखते मौके पर भगदड़ मच गयी और बच्चे जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. कई बच्चे गांव की ओर भाग कर किसी तरह सुरक्षित स्थान तक पहुंचे. इस हमले में करीब दो दर्जन छात्र-छात्राएं और राहगीर घायल हो गये. घायलों को परिजनों और ग्रामीणों की मदद से आनन-फानन में नजदीकी निजी क्लिनिकों और सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. घटना के बाद भंवरों का झुंड गांव तक पहुंच गया, जिससे दहशत और बढ़ गयी. ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए आग जला कर धुआं किया, जिसके बाद काफी मशक्कत से भंवरों को भगाया जा सका. हमले में अंबवा पंचायत के सुरसुरिया गांव की छठी कक्षा की 11 वर्षीय छात्रा लक्ष्मी कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गयी. उसके शरीर पर 50-60 डंक लगे हैं. घटना के बाद केसीपारा स्कूल में बच्चों के नहीं पहुंचने से सन्नाटा पसरा रहा. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऐसे खतरनाक छत्तों को हटाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके.