मतदाता सूची पुनरीक्षण के लिए सभी समन्वय से काम करें : डीडीसी

गुमला में आगामी मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 को सफल बनाने के लिए उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश पर डीडीसी दिलेश्वर महतो की अध्यक्षता में विशेष बैठक हुई

By VIKASH NATH | March 24, 2026 7:04 PM

गुमला. गुमला में आगामी मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 को सफल बनाने के लिए उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश पर डीडीसी दिलेश्वर महतो की अध्यक्षता में विशेष बैठक हुई. बैठक में मतदाता सूची को अद्यतन, त्रुटिरहित और समावेशी बनाने की तैयारियों की समीक्षा की गई. इसमें पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने, मृत, स्थानांतरित और दोहरे नामों को हटाने पर बल दिया गया. अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि बीएलओ और सुपरवाइजर घर-घर जाकर सत्यापन करें तथा दावों और आपत्तियों का नियमानुसार निष्पादन करें. बैठक में यह भी तय किया गया कि युवाओं, महिलाओं और नए मतदाताओं के नामांकन पर विशेष ध्यान दिया जाये. सभी संबंधित पदाधिकारियों को पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया. डीडीसी ने कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पुनरीक्षण अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाये, ताकि जिले की मतदाता सूची अधिक सशक्त, अद्यतन और विश्वसनीय बन सके. उन्होंने जोर दिया कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची अत्यंत आवश्यक है. बैठक में डीसीएलआर सह जिला पंचायती राज पदाधिकारी राजीव कुमार, एसडीओ गुमला राजीव नीरज, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी, निर्वाचक निबंधन कार्य से जुड़े कर्मी और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे. सभी को आपसी समन्वय के साथ अभियान मोड में कार्य करने का निर्देश दिया गया.