जर्जर भवन में पढ़ने को मजबूर 116 बच्चे

कामडारा के राजकीयकृत मवि कुलबुरू में अव्यवस्थाओं का अंबार

By Prabhat Khabar News Desk | February 16, 2026 10:58 PM

कामडारा. कामडारा. प्रखंड के राजकीयकृत मवि कुलबुरू में व्याप्त समस्याओं को लेकर सोमवार को कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष अजीत केरकेट्टा ने विद्यालय का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिक्षकों से मुलाकात कर विद्यालय की स्थिति की जानकारी ली. शिक्षकों ने बताया कि विद्यालय में कक्षा एक से आठवीं तक की पढ़ाई होती है. कुल 116 छात्र-छात्राएं नामांकित हैं, जिनमें से सोमवार को 89 बच्चे उपस्थित थे. विद्यालय में कक्षा एक से आठवीं तक के संचालन के लिए मात्र चार कमरे उपलब्ध हैं और सभी कमरे जर्जर अवस्था में हैं. विद्यालय का नया भवन निर्माणाधीन है. लगभग 10 वर्ष पूर्व दो मंजिला भवन का निर्माण कार्य शुरू हुआ था, जो आज तक पूरा नहीं हो सका है. वर्तमान में अधूरा भवन भी काफी जर्जर हो चुका है और कभी भी दुर्घटना का कारण बन सकता है. विद्यालय में पेयजल की गंभीर समस्या है. बच्चों के लिए लगाया गया आरओ मशीन पिछले एक वर्ष से खराब पड़ा है. इसके अलावा शिक्षकों की कमी है. विद्यालय में मात्र पांच शिक्षक पदस्थापित हैं. शिक्षकों ने बताया कि जर्जर भवन के कारण बरसात में सबसे अधिक परेशानी होती है. कमरों की छत से पानी टपकता है, जिससे पठन-पाठन प्रभावित होता है. कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि विद्यालय की समस्याओं से सांसद व विधायक के साथ-साथ प्रशासन को भी अवगत कराया जायेगा, ताकि बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके.