गोड्डा जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मकुन्दी दिकवानी गांव में तीन वर्षीय मासूम बच्ची के साथ हुई दरिंदगी और हत्या मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 13 दिनों के भीतर न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल कर दिया है. पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में सराहना की जा रही है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता के पिता के लिखित आवेदन पर 15 मई 2026 को गोड्डा मुफ्फसिल थाना में कांड संख्या-70/2026 दर्ज किया गया था. प्राथमिकी भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 103(1), 238 एवं 3(5) के तहत दर्ज की गयी थी. मामले में प्रेम मुर्मू (30 वर्ष), पिता- ढेना मुर्मू तथा जर्मन सोरेन (करीब 50 वर्ष), पिता-स्व. सकला सोरेन पर तीन वर्षीय बच्ची की हत्या कर शव को बोरे में बंद कर कुएं में फेंकने का आरोप लगाया गया था.