राजमहल कोल परियोजना के ओसीपी पीट सुरक्षा कमेटी सदस्यों की बैठक सोमवार को ओसीपी कार्यालय के सभागार भवन में आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता प्रोजेक्ट ऑफिसर ओपी चौधरी ने की. ओपी चौधरी ने कहा कि खनन कार्य के साथ-साथ सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देना अनिवार्य है. उन्होंने सभी कर्मियों से खनन क्षेत्र में प्रवेश करने से पहले सुरक्षा नियमों का कठोर पालन करने और आवश्यक सुरक्षा उपकरण पहनने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि डंपर चलाते समय सीट बेल्ट अनिवार्य रूप से बांधे और निर्धारित दूरी का पालन करें. साथ ही, मानसून के दौरान खनन क्षेत्र में वर्षा का पानी प्रवेश न करे, इसका विशेष ध्यान रखा जाये. ओपी चौधरी ने खनन क्षेत्र के नालों की साफ-सफाई करने और सड़क की स्थिति बनाए रखने पर जोर दिया, ताकि वर्षा के दौरान परियोजना कार्य और आवागमन प्रभावित न हो. बैठक के दौरान सुरक्षा कमेटी के सदस्यों ने तालझारी खनन क्षेत्र, बसडीहा खनन क्षेत्र और डीप माइनिंग जीरो पॉइंट का निरीक्षण किया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिये. मौके पर सुरक्षा पदाधिकारी पी. वर्णवाल, पीके यादव, रामानंद प्रसाद, रामसुंदर महतो, करीम अंसारी, मुकेश कुमार, आशुतोष कुमार, संतलाल लोहार, अमल कुमार सहित अन्य अधिकारी और समिति सदस्य उपस्थित थे.