भागलपुर के तिलकामांझी स्थित सांसद अजय मंडल के आवास सह कार्यालय में हुई हाई-प्रोफाइल चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान गोड्डा जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत ककना दियारा गांव निवासी अमन कुमार झा के रूप में हुई है. पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी गई सरकारी पिस्टल, 35 जिंदा कारतूस, डीवीआर सेट, सीपीयू तथा दो मॉनिटर बरामद किये हैं. सांसद कार्यालय में हुई इस दुस्साहसिक चोरी की घटना के बाद भागलपुर पुलिस लगातार सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी अनुसंधान और छापेमारी के माध्यम से मामले की जांच कर रही थी.