पोड़ैयाहाट प्रखंड क्षेत्र के लता दिकवानी गांव में नव निर्मित दुर्गा मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा एवं उद्घाटन समारोह के अवसर पर सोमवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गयी. कलश यात्रा में सैकड़ों महिलाओं ने सिर पर मंगल कलश धारण कर भाग लिया, जिससे पूरा गांव भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया. ढोल-नगाड़ों, भजन-कीर्तन और जयकारों के बीच निकली शोभायात्रा गांव के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए नदी तट पहुंची. वहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से कलशों में जल भरने की प्रक्रिया संपन्न करायी गयी. इसके बाद श्रद्धालु जल से भरे कलशों को लेकर पुनः मंदिर परिसर पहुंचे.