डुमरी से शशि जायसवाल की रिपोर्ट
Giridih News: झारखंड के गिरिडीह जिले के डुमरी थाना क्षेत्र के कुलगो टोल प्लाजा के पास गुरुवार की अहले सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें तीन ट्रकों के बीच जोरदार टक्कर के बाद आग लग गई. आग इतनी भयावह थी कि दो ट्रक पूरी तरह जलकर राख हो गए, जबकि एक ट्रक आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया.
तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर
मिली जानकारी के अनुसार, टोल प्लाजा के पास सड़क किनारे खड़े ट्रकों के चालक आराम कर रहे थे. इसी दौरान बगोदर की ओर से डुमरी आ रही एक तेज रफ्तार ट्रक ने पहले एक खड़े मिनी ट्रक को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मिनी ट्रक आगे खड़े कोयला लदे ट्रक से जा भिड़ा.
झारखंड: डुमरी के कुलगो टोल प्लाजा के पास तीन ट्रकों की टक्कर के बाद लगी भीषण आग, दो ट्रक जलकर राख, एक चालक घायल.#Jharkhand #Dumri #RoadAccident #BreakingNews #PrabhatKhabar pic.twitter.com/soe8rJyHbX
— Prabhat Khabar (@prabhatkhabar) April 16, 2026
कुछ ही देर में धधक उठे तीनों ट्रक
टक्कर के तुरंत बाद तीनों ट्रकों में भीषण आग लग गई, जिसने कुछ ही देर में भयानक रूप धारण कर लिया. स्थानीय लोगों के अनुसार, आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते दो ट्रक पूरी तरह जलकर खाक हो गए.
आग पर पाया गया काबू
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से आग बुझाने की कोशिश शुरू की. बाद में दमकल वाहन के पहुंचने पर आग पर काबू पाया जा सका, जिससे एक ट्रक को आंशिक रूप से बचाया जा सका.
एक चालक घायल
इस हादसे में एक ट्रक चालक घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से रेफरल अस्पताल, डुमरी में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है.
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल, इस दुर्घटना में हुए कुल नुकसान का आकलन नहीं किया जा सका है. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.
यह भी पढ़ें: चक्रधरपुर मां पाउड़ी मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, भक्तों ने आग और कांटों पर चलकर दी भक्ति की परीक्षा
यह भी पढ़ें: CBSE 10th Result: चतरा की संचित कुमारी बनी स्कूल टॉपर, 93.80 अंक हासिल
