सरिया. झारखंड सरकार ने वर्ष 2008 में सरिया को नवसृजित प्रखंड का दर्जा दिया गया. जबकि वर्ष 2012 में बगोदर-सरिया अनुमंडल भी बना. इस बीच दो-दो बार विधानसभा व लोकसभा का चुनाव हुए. विधायक-सांसद बने. जनता की समस्याओं का भले ही लगातार समाधान हो रहा है, लेकिन उनकी नजर प्रखंड व अनुमंडल कार्यालय में कर्मचारियों की कमी पर नहीं पड़ी. इसके कारण कार्यालय संबंधित काम में लोगों को आज भी कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. प्रखंड व अनुमंडल बनने के बाद इस क्षेत्र में विकास की रफ्तार भी बढ़ी. प्रखंड कार्यालय अधिकारी आवास बनाये गये. अनुमंडल कार्यालय, अनुमंडलीय अस्पताल भवन आदि के निर्माण कार्य तीव्र गति से जारी है. प्रखंड तथा अनुमंडल बनने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों की पदस्थापना हुई. क्षेत्र में अमन चैन शांति आदि भी कायम हुआ.