सीसीएल गिरिडीह कोलियरी अंतर्गत गिरिडीह ओपेनकास्ट के चालू होने का मार्ग प्रशस्त हो गया है. गिरिडीह ओपेनकास्ट अब आउटसोर्सिंग मोड में संचालित होगी. इसके लिए कृष्णा इंफ्रास्ट्रक्चर नाम आउटसोर्सिंग को ओसीपी संचालित करने का टेंडर हासिल हो गया है. अब पूरी उम्मीद है कि मार्च माह में ही ओपेनकास्ट परियोजना शुरू हो जायेगा. शुरुआती दौर में ओबी हटाने का कार्य प्रारंभ होगा. इसके बाद कोयला का उत्पादन शुरू होगा. इसको लेकर सीसीएल प्रबंधन ने तैयारी शुरू कर दी है. सीसीएल प्रबंधन ने कृष्णा इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी से जल्द से जल्द मशीनों की उपलब्धता के साथ ओबी निकासी कार्य प्रारंभ करने की बात कही है. इसको लेकर ओसीपी से जुड़े कामगारों व असंगठित मजदूरों में खुशी है. बता दें कि काफी जद्दोजहद के बाद गिरिडीह ओपेनकास्ट परियोजना को इंवायरमेंटल क्लियरेंस, सीटीई एवं कंसर्न टू ऑपरेट (सीटीओ) मिला है. गत दिसंबर माह में सीटीओ मिलने के बाद आउटसोर्सिंग कंपनी की निविदा मामला क्लियर नहीं होने के कारण इसके चालू होने का मामला अटका हुआ था. अब जबकि इसके संचालन को लेकर आउटसोर्सिंग कंपनी तय हो चुकी है तो इसके चालू होने का बेसब्री से इंतजार किया जाने लगा है.