Giridih News : डुमरी. निमियाघाट थाना क्षेत्र के डुमरी-ईसरी बस स्टैंड के समीप एक्सिस बैंक के सामने मंगलवार की सुबह बाइक सवार दो उचक्के एक महिला के गले से सोने की चेन झपट कर फरार हो गये. स्व. महेंद्र कुमार सुमन की पत्नी गीता देवी घर के बाहर दरवाजे पर खड़ी थी. इसी दौरान ब्लू रंग की अपाची बाइक पर सवार दो युवक उनके पास पहुंचे. बाइक पर पीछे बैठे युवक ने अचानक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली. इसके बाद दोनों आरोपी तेजी से बाइक चलाते हुए डुमरी की ओर भाग निकले. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार युवकों में से एक ने हेलमेट पहन रखा था. घटना के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. पीड़िता के पुत्र चंदन कुमार ने थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है. पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके. बताया जाता है कि एक्सिस बैंक के समीप एक महिला से चेन छिनतई कर भाग रहे उचक्के कुछ देर बाद ही डुमरी-बेरमो पथ स्थित घर के बाहर खड़ी एक महिला से चादर बेचने के बहाने छिनतई की तैयारी कर रहे थे, लेकिन जब महिला ने जब बाइक और उनलोगों का फोटो लेने लगी, तब वे लोग भाग खड़े हुए.