Giridih News : प्रतिनिधि, गिरिडीह. बकरीद पर्व को जिले में शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं विधि-व्यवस्था के साथ संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को उपायुक्त रामनिवास यादव एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार के नेतृत्व में शहर में फ्लैग मार्च निकाला गया. फ्लैग मार्च बड़ा चौक से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील इलाकों से गुजरते हुए पूरे शहरी क्षेत्र का भ्रमण करता रहा. फ्लैग मार्च में अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, डीएसपी, विभिन्न थाना प्रभारियों सहित बड़ी संख्या में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी–कर्मचारी शामिल थे. इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया और आम लोगों से संवाद कर शांति एवं भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की गयी. उपायुक्त एवं एसपी ने संयुक्त रूप से कहा कि बकरीद पर्व के दौरान जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है. संवेदनशील एवं अति संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जायेगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि अफवाह फैलाने, सोशल मीडिया के माध्यम से माहौल बिगाड़ने या किसी भी तरह की शरारत करने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जायेगी.