तालाबंदी की कोई पूर्व सूचना कॉलेज प्रशासन को नहीं दिये जाने पर बेंगाबाद थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच छात्र नेताओं को हिरासत में लिया. हालांकि, पूछताछ के बाद सभी को कुछ देर में ही छोड़ दिया गया. तालाबंदी की सूचना मिलते ही कॉलेज प्रशासन ने पुलिस और प्रशासन को अवगत कराया.
एसडीओ, एसडीपीओ व थाना प्रभारी पहुंचे
सूचना मिलने पर एसडीएम श्रीकांत यशवंत विस्पुते, एसडीपीओ जीतवाहन उरांव, मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो तथा बेंगाबाद थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और छात्र नेताओं से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया. एबीवीपी ने कॉलेज प्रशासन के समक्ष आठ सूत्री मांगें रखीं. इसमें यूजी और पीजी स्तर पर जिन विषयों में शिक्षकों की कमी है, उसे शीघ्र दूर करने, राजनीति विज्ञान व हिंदी विषय में इसी सत्र से स्नातकोत्तर की पढ़ाई शुरू कराने, छात्रहित को देखते हुए जल्द छात्रसंघ चुनाव कराने समेत अन्य मांग शामिल हैं. इसके अलावा कॉलेज परिसर में सभी शौचालयों को सुचारू रूप से चालू करने, वाहनों के लिए पार्किंग की समुचित व्यवस्था करने, सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति और नियमित कक्षाएं सुनिश्चित कराने, कॉलेज कैंपस में फैली गंदगी की साफ-सफाई कराने तथा बाहरी तत्वों के प्रवेश पर रोक लगाने की भी मांग की गयी. बताया गया कि छात्र अपनी मांगों पर अड़े रहे, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गयी. इसके बाद पुलिस ने एहतियातन कार्रवाई करते हुए एबीवीपी के कार्यकर्ता नीरज चौधरी, अनीश रॉय, कृष पासवान, संदीप शर्मा और बिट्टू मोदी को हिरासत में लिया. प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद स्थिति सामान्य हुई और सभी को बाद में रिहा कर दिया गया.