गढ़वा. शहर के विकास एवं जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए मां गढ़देवी मंदिर के मुख्य तोरण द्वार से लेकर निखिल सिंह के घर तक नाली निर्माण कार्य का भंभव्य शिलान्यास किया गया. इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष आशीष कुमार सोनी उर्फ दौलत सोनी, उपाध्यक्ष अनिता प्रसाद तथा वार्ड संख्या 10 के पार्षद दीपक कुमार उर्फ मुन्ना मोबाइल ने संयुक्त रूप से शिलान्यास किया. कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों ने जनप्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए लंबे समय से लंबित इस मांग के पूरा होने पर प्रसन्नता व्यक्त की. लोगों का कहना था कि नाली निर्माण से क्षेत्र में जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान होगा तथा स्वच्छ और सुव्यवस्थित शहर की परिकल्पना को बल मिलेगा. इस मौके पर नगर परिषद के वार्ड पार्षद विनोद प्रसाद, सुनील कुमार, मीरा कुमारी, सविता देवी, उमेश मेहता, गजल सिद्दीकी, बंधु राम, राजेश विश्वकर्मा, उमेश कश्यप, आशीष कश्यप, अखिलेश तिवारी, कनीय अभियंता एवं अन्य गणमान्य स्थानीय निवासी उपस्थित रहे.इस दौरान अध्यक्ष आशीष कुमार सोनी उर्फ दौलत सोनी ने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है.