टेकरेडियंस ग्रैंड फिनाले में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर सम्मानित

टेकरेडियंस ग्रैंड फिनाले में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर सम्मानित

By Akarsh Aniket | April 10, 2026 9:44 PM

भवनाथपुर. डीएवी भवनाथपुर के छात्रों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए राष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय का नाम रोशन किया. बीते शनिवार को आइआइटी दिल्ली में आयोजित टेकरेडियंस ग्रैंड फिनाले में छात्रों ने शानदार प्रदर्शन कर सबका ध्यान आकर्षित किया. इस प्रतियोगिता में देशभर से लगभग दो हजार छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया, जहां डीएवी भवनाथपुर के छात्रों ने रोबोटिक्स में अपनी तकनीकी दक्षता और नवाचार का उत्कृष्ट परिचय दिया. रोबोटिक्स वर्कशॉप से चयनित छात्रों ने 400 ग्राम से कम वजन वाले रोबोट तैयार कर रोबोट फुटबॉल मैच में भाग लिया. उनके रोबोट ने बेहतर नियंत्रण, डिजाइन और प्रोग्रामिंग क्षमता का प्रदर्शन किया, जिससे दर्शक और निर्णायक प्रभावित हुए. इस उपलब्धि में कक्षा दसवीं के अयान प्रजापति, वैभवी प्रजापति और कक्षा नौवीं के उत्कर्ष प्रजापति की प्रमुख भूमिका रही. प्रतियोगिता से लौटने पर विद्यालय में छात्रों को सम्मानित किया गया. प्राचार्य आकाश कुमार सिन्हा ने कहा कि यह उपलब्धि छात्रों की मेहनत और विद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का प्रमाण है. उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों की प्रतिभा निखारने का बेहतरीन मंच हैं और भविष्य में भी हम छात्रों को तकनीकी गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित करेंगे.