किसानों को सीधा बाजार उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताः वीडी राम

किसानों को सीधा बाजार उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताः वीडी राम

By Akarsh Aniket | June 4, 2026 9:21 PM

प्रतिनिधि, गढ़वा बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत उत्पादित आम फलों की बिक्री के लिए गुरुवार को गढ़वा समाहरणालय परिसर में विशेष कैनोपी (आम बिक्री केंद्र) का शुभारंभ किया गया. इस केंद्र का उद्घाटन पलामू सांसद विष्णु दयाल राम, उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा, उप विकास आयुक्त प्रेमलता मुर्मू, गढ़वा विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी और भवनाथपुर विधायक अनंत प्रताप देव द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया. उद्घाटन के अवसर पर महिला एफपीओ (फार्मर प्रोड्यूसर ऑर्गेनाइजेशन) द्वारा कैनोपी के माध्यम से स्थानीय स्तर पर उपजाये गये उन्नत किस्म के आमों की बिक्री शुरू की गयी. अधिकारियों ने बताया कि मनरेगा के तहत संचालित बिरसा हरित ग्राम योजना से जुड़े ग्रामीण क्षेत्रों के आम उत्पादक किसानों के लिए यह पहल एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी. इससे किसानों को सीधे बाजार उपलब्ध होगा और उन्हें अपनी उपज का उचित मूल्य मिल सकेगा. सांसद विष्णु दयाल राम ने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसानों को उनके उत्पाद का सही मूल्य दिलाना और उन्हें बिचौलियों से मुक्त करना है. उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल से ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और किसानों की आय में वृद्धि होगी. कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों ने भी बताया कि इस कैनोपी के माध्यम से किसानों की उपज सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचेगी, जिससे पारदर्शी और लाभकारी बिक्री व्यवस्था विकसित होगी. इस अवसर पर डीआरडीबी के परियोजना पदाधिकारी दीपक पासवान, सहायक परियोजना पदाधिकारी विकास कुमार वर्मा, जेएसएलपीएस के डीपीएम विमलेश कुमार शुक्ला सहित कई अधिकारी और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं मौजूद थीं.