प्रतिनिधि, गढ़वा जनसहभागिता और प्रशासनिक सहयोग से संचालित आपन सरस्वतिया अभियान के तहत मंगलवार को लगातार 16वें दिन भी सरस्वतिया नदी की सफाई, डी-सिल्टिंग और पुनर्जीवन का कार्य जारी रहा. अभियान गढ़देवी मोहल्ला और पिपरा कला क्षेत्र में चलाया गया, जहां स्थानीय नागरिकों और प्रशासन ने मिलकर नदी की स्वच्छता एवं प्रवाह क्षमता बढ़ाने के लिए कार्य किया. मंगलवार सुबह गढ़देवी मोहल्ला स्थित नरगिर आश्रम में करीब 100 स्वच्छता प्रेमियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों की बैठक आयोजित की गयी. बैठक में अभियान को और व्यापक बनाने तथा नदी संरक्षण में जनभागीदारी बढ़ाने पर चर्चा हुई. इसके बाद नरगिर आश्रम के समीप स्थित छठ घाट के पास जेसीबी मशीन की सहायता से सफाई अभियान चलाया गया. उपस्थित लोगों ने सरस्वतिया नदी की स्वच्छता, अविरलता और संरक्षण के लिए निरंतर सहयोग करने तथा अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने का संकल्प लिया. वार्ड संख्या 7 के पार्षद विनोद प्रसाद और समाजसेवी चंदन जायसवाल की अगुवाई में आयोजित कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार भी शामिल हुए. उन्होंने स्थानीय नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों की स्वैच्छिक भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि किसी भी जनहितकारी अभियान की सफलता में समाज की भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण होती है. उन्होंने कहा कि आपन सरस्वतिया अभियान अब जनआंदोलन का रूप ले चुका है और समाज के विभिन्न वर्ग इसमें सक्रिय रूप से योगदान दे रहे हैं. अभियान में धर्मनाथ झा, विनोद प्रसाद करीमन, राजेश विश्वकर्मा, चंदन जायसवाल, अनिरुद्ध शरण, जयशंकर बघेल, संजय सिंह अग्रहरि, गुड्डू हरि, सुगंध बघेल, अरविंद केशरी, अंशु कांस्कार, विजय ठाकुर और पवन बघेल सहित कई लोग मौजूद थे. पुल के नीचे जमे कचरे को किया साफ गढ़वा अंचलाधिकारी साफी आलम के सहयोग से पिपरा कला क्षेत्र में भी जेसीबी मशीन द्वारा नदी की सफाई करायी गयी. पुल के नीचे और दोनों किनारों पर जमा कूड़ा-कचरा, गाद व अन्य अवरोधों को हटाया गया. साथ ही नदी के चौड़ीकरण का कार्य भी किया गया ताकि बरसात के मौसम में जल प्रवाह सुचारू बना रहे. एसडीएम ने अंचलाधिकारी साफी आलम की सक्रिय भूमिका की भी सराहना की. उन्होंने कहा कि प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और आम लोगों के संयुक्त प्रयास से सरस्वतिया नदी को उसके मूल स्वरूप में वापस लाने का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है.