East Singhbhum News : नाइन स्टार को हरा बादल एफसी बना विजेता

खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक सोच विकसित करता है : चंद्रावती महतो

By ATUL PATHAK | January 30, 2026 12:25 AM

हल्दीपोखर. पोड़ाडीहा पंचायत के चांम्पाय बाहा आखड़ा चांपी द्वारा चांपी स्टेडियम दो दिवसीय फुटबॉल एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का समापन गुरुवार को हुआ. फुटबॉल प्रतियोगिता में कुल 25 टीमों ने भाग लिया, जिसमें बादल एफसी विजेता एवं नाईन स्टार हल्दीपोखर उपविजेता बनी. तृतीय पुरस्कार बिरला गोल्ड सोलाई एवं चतुर्थ पुरस्कार गुरुचरण एफसी को मिला. इस अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में नागा, फिटिकटांड़, बाड़ेडीह, डाटोबेड़ा, दामुडीह समेत नौ गांव की टीम शामिल हुई. मौके पर विधायक संजीव सरदार के अनुपस्थिति में विधायक प्रतिनिधि के रूप में पूर्व जिला परिषद सदस्य चंद्रावती महतो, झारखंड आंदोलनकारी नेता सुनील महतो, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सुधीर सोरेन, युवा नेता तरुण सरदार व कोषाध्यक्ष अनुपम मंडल मौजूद रहे. यहां अतिथि के रूप में उपस्थित चंद्रावती महतो ने कहा कि खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक सोच विकसित करता है. विधायक संजीव सरदार क्षेत्र में खेल और युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं और हर गांव तक खेल के अवसर पहुंचाने का संकल्प लिया है. युवा नेता तरुण सरदार ने कहा कि पोटका में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जिसे खेल के माध्यम से तराशने का काम किया जा रहा है. आयोजन को सफल बनाने में अध्यक्ष संजीत सरदार, सचिव धीरेंद्रनाथ सरदार, प्रदीप मुंडा, ईश्वर मुंडा, सुभाष सरदार, सुनील सरदार, संघचांद सरदार का योगदान रहा.