East Singhbhum News : फाइलेरिया से बचाव को समय पर दवा लेना जरूरी : डॉ महाकुड़

सुपरवाइजर, सीएचओ और आंगनबाड़ी सेविकाओं को मिला प्रशिक्षण

By ATUL PATHAK | January 29, 2026 12:32 AM

पोटका. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोटका में “मास ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन ” (एमडीए) का प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है. कार्यक्रम के पहले चरण में बुधवार को सुपरवाइजर, सीएचओ और एएनएम को प्रशिक्षण दिया गया. इसके बाद प्रखंड के सभी सहिया और आंगनबाड़ी सेविकाओं को भी प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा. एमडीए के तहत फाइलेरिया और हाइड्रोसिल रोग के उन्मूलन के लिए पूरी आबादी को दवाएं दी जायेंगी. 10 फरवरी को प्रत्येक बूथ पर दवा वितरण किया जाएगा, जबकि 11 फरवरी से 25 फरवरी तक सहिया दीदी घर-घर जाकर दवा पहुंचायेंगी. यह दवा 2 साल से लेकर बुजुर्गों तक के सभी लोगों को दी जाएगी, जबकि गर्भवती माताओं और गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों को दवा लेने पर प्रतिबंध है. प्रशिक्षण में प्रभारी चिकित्सा डॉ. रजनी महाकुर, बीपीएम अनामिका सिंह, पीरामल संस्था की अंजली सिंह और सभी एमपीडब्ल्यू शामिल रहे. एमओआइसी डॉ. रजनी महाकुड़ ने बताया कि फाइलेरिया मच्छर के काटने से फैलती है और शरीर के हाथ, पैर और स्तन को प्रभावित करती है, जिसे आमतौर पर “हाथीपांव ” कहा जाता है. उन्होंने सभी से अपील की कि इस बीमारी से मुक्ति पाने के लिए दवा का सेवन अवश्य करें.

फाइलेरिया उन्मूलन को जागरूकता अभियान 10 से

पटमदा. फाइलेरिया उन्मूलन को लेकर बोड़ाम के लायलम हाई स्कूल की छात्र-छात्राओं ने बुधवार को गांव में रैली निकाल कर जन जागरुकता अभियान चलाया गया. इस अवसर पर एचएम संगीता महतो, सैया साथी शेफाली महतो, मध्य विद्यालय के एचएम समेत सभी शिक्षकगण मौजूद रहे. पीरामल टीम की ओर से प्रोग्राम ऑफिसर रूपाली कुमारी के निर्देशानुसार मलेरिया के रोकथाम व इससे बचाव को लेकर 10 से 25 फरवरी 2026 तक चलने वाली एमडीए राउंड में लोगों को दवा का सेवन करने के लिए प्रेरित किया. रूपाली ने बताया कि 10 फरवरी से चलने वाली एमडीए राउंड को लेकर पटमदा व बोड़ाम में 311 टीम गठित की गयी है. जो हर गांव व मोहल्ला में जाकर परिवार के हर सदस्यों को मलेरिया रोकथाम को लेकर जागरूक करेगी.