घाटशिला. मऊभंडार के कुतलूडीह स्थित मऊभंडार जाहेरगाड़ में बाहा बोंगा उत्सव का आयोजन हर्षोल्लास से हुआ. मुख्य अतिथि घाटशिला के विधायक सोमेश चंद्र सोरेन शामिल हुए. उन्होंने जाहेरगाड़ में पूजा कर सुख-शांति, समृद्धि व खुशहाली की कामना की. विधायक ने कहा कि बाहा बोंगा प्रकृति पूजन और बसंत ऋतु के स्वागत का पर्व है, जो हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है. नयी पीढ़ी को अपनी परंपराओं और संस्कृति से जोड़ना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है. इस अवसर पर विधायक ने जाहेरथान स्थित सामुदायिक भवन का फीता काट कर उद्घाटन किया. यह भवन उनके बाबा रामदास सोरेन की पहल पर विधायक निधि से निर्मित कराया गया है, जिससे स्थानीय लोगों को सामुदायिक कार्यक्रमों के आयोजन में सुविधा मिलेगी. मौके पर जगदीश भकत, काशु हांसदा, कन्हाई मुर्मू, गणेश मुर्मू, काजल डॉन, कालीपद गोराई, सुखलाल हांसदा समेत ग्रामीण उपस्थित थे.