East Singhbhum News : अवैध पत्थर खदानों पर एसडीओ का धावा, सामान छोड़कर भागे मजदूर
अवैध क्रशरों पर भी गिरेगी गाज, पत्थर माफियाओं में हड़कंप
पटमदा. पटमदा थाना क्षेत्र के अंतर्गत दलमा इको-सेंसिटिव जोन में अवैध उत्खनन के खिलाफ धालभूम एसडीओ अर्णव मिश्रा के नेतृत्व में शुक्रवार को छापेमारी की गई. प्रशासन की इस अचानक कार्रवाई से क्षेत्र के पत्थर माफियाओं में हड़कंप मच गयी है. छापेमारी दल को देखते ही मजदूर काम छोड़कर जंगलों की ओर भाग निकले. एसडीओ अर्णव मिश्रा और सीओ राजेंद्र कुमार दास ने सिसदा और ठनठनी घाटी क्षेत्र का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान ठनठनी घाटी में पत्थरों के अवैध खनन के ताजा साक्ष्य मिले. सिसदा स्थित दो अवैध खदानों से छापेमारी दल ने भारी मात्रा में सामान जब्त किया है, जिसमें 11 कड़ाही, 2 खंती, 1 फावड़ा, सब्बल और अन्य औजार शामिल हैं. खनन निरीक्षक अरविंद उरांव के आवेदन पर पटमदा थाना में अज्ञात लोगों के खिलाफ इको-सेंसिटिव जोन में अवैध खनन की एफआईआर दर्ज की गयी है. छापेमारी कर लौटने के दौरान टीम ने बेलटांड़ चौक के पास गिट्टी लदे एक ट्रैक्टर को पकड़ा. चालक द्वारा कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं करने पर ट्रैक्टर को तुरंत जब्त कर पटमदा थाना पहुंचाया गया. एसडीओ ने माइनिंग इंस्पेक्टर को गाड़ी मालिक के खिलाफ अवैध परिवहन की धाराओं में मामला दर्ज करने का निर्देश दिया है.
