पोटका. पोटका के सुदूरवर्ती तेंतला पोड़ा व मानपुर पंचायत के कमलपुर में स्वास्थ्य उपकेंद्र भवन निर्माण का शिलान्यास शुक्रवार को पोटका विधायक संजीव सरदार ने विधिवत नारियल फोड़कर किया. 1.10 करोड़ रुपये की लागत से उपकेंद्र का निर्माण किया जायेगा. इस अवसर पर विधायक संजीव सरदार ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड सरकार स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए काम कर रही है. मुख्यमंत्री का लक्ष्य एक विकसित झारखंड का निर्माण करना है और इसी सोच के साथ सरकार व जनप्रतिनिधि आगे बढ़ रहे हैं. आने वाले समय में पोटका की स्वास्थ्य स्थिति मजबूत की जायेगी, जिसके लिए 35 गांवों में स्वास्थ्य उपकेंद्र भवन का निर्माण किया जायेगा. स्वास्थ्य उपकेंद्र बन जाने से ग्रामीणों को काफी लाभ होगा.