गालूडीह थाना क्षेत्र की उलदा पंचायत अंतर्गत पुतड़ू निवासी तारापदो महतो हत्याकांड के दोषियों पर कार्रवाई की मांग पर एनएच जाम करने वाले आंदोलनकारियों ने अपने ऊपर दर्ज मुकदमों से गैर-जमानती (नॉन-बेलेबल) धाराएं हटाने की मांग की है. इस सिलसिले में कुड़मी समाज झारखंड और आंदोलनकारी टीम की ओर से मंगलवार को ग्रामीण एसपी को एक मांग पत्र सौंपा गया. सौंपे गये पत्र के माध्यम से आंदोलनकारियों ने कहा कि गत 17 जनवरी को तारापद महतो हत्याकांड के आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी के लिए शांतिपूर्ण आंदोलन किया गया था. उस समय जिला प्रशासन और आंदोलनकारियों के बीच एक लिखित समझौता हुआ था, जिसमें स्पष्ट सहमति बनी थी कि किसी भी आंदोलनकारी पर प्राथमिकी दर्ज नहीं की जायेगी और पुलिस केवल दोषियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई करेगी. इसके बावजूद, बाद में कई आंदोलनकारियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर दी गयी. प्रतिनिधिमंडल ने ग्रामीण एसपी से मांग की है कि इस प्राथमिकी से नॉन-बेलेबल धाराओं को तुरंत हटाया जाये, ताकि आम जनता और पुलिस प्रशासन के बीच आपसी विश्वास और बेहतर हो सके. इस मौके पर अमित महतो, हरिमोहन महतो, खोकोन महतो, पूनम महतो, रेखा कालिंदी समेत कई लोग उपस्थित थे.