आदित्यनाथ पत्रलेख, दुमका
Dumka News: तालझारी थाना क्षेत्र के धनपतडीह एवं सहारा गांव के चार लोगों ने जरमुंडी थाना क्षेत्र के बासुकिनाथ निवासी सुनील मिर्धा उर्फ माही किन्नर के खिलाफ तालझारी थाना में लिखित शिकायत देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है. शिकायतकर्ताओं में धनपतडीह की अनीता उर्फ अनमोल, अनन्या उर्फ गणेश औरा सहारा की नेहा उर्फ सूरज एवं मुस्कान उर्फ मदन शामिल हैं. दिये गये आवेदन में आरोप लगाया गया है कि सुनील मिर्धा उर्फ माही किन्नर ने बहला-फुसलाकर संपर्क किया और नशीली दवा खिलाकर उनके शरीर में परिवर्तन करा दिया.
शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना का भी आरोप
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि उनकी सहमति के बिना दबाव बनाकर दिल्ली में ऑपरेशन कराया गया, जिसके कारण वे ट्रांसजेंडर बन गए. इतना ही नहीं इसके बाद सार्वजनिक स्थानों पर बधाई मांगकर पैसे वसूलने का दबाव बनाया गया. विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई और शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया. आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि उनसे जबरन गलत कार्य कराए गए, गर्म प्रेशर कुकर से शरीर को दागा गया और लगातार जान से मारने की धमकी दी गई. भय के कारण वे अब तक शिकायत नहीं कर सके थे.
पुराने विवाद के कारण मुझे फंसाने की कोशिश : माही किन्नर
वहीं, आरोपित सुनील मिर्धा उर्फ माही किन्नर ने सभी आरोपों को बेबुनियाद और झूठा बताया है. आरोपी ने दावा किया कि पूरे मामले के पीछे पुराने विवाद के कारण उन्हें फंसाने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने कहा कि चारों में से दो लोगों को वह जानती तक नहीं हैं और उन्हें यह भी जानकारी नहीं है कि वे कहां से लिंग परिवर्तन कराकर आए हैं. उनका कहना है कि नेहा उर्फ सूरज स्वयं लिंग परिवर्तन कराने के बाद उनके पास रहने आई थी. वहीं मदन उर्फ मुस्कान के बारे में उन्होंने दावा किया कि वह लड़का है और किन्नर बनकर साथ रहने और पैसा कमाने की बात करता था.
माही किन्नर ने इन लोगों पर लगाया आरोप
सुनील मिर्धा ने यह भी आरोप लगाया कि पूरे मामले के पीछे राजकुमार मंडल उर्फ रोजी मौसी महामंडलेश्वर और बिहार के छपरा निवासी अजीत सिंह का हाथ है. उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 से ही उनके साथ विवाद चल रहा है और उसी के तहत उन्हें फंसाने की साजिश रची जा रही है. इधर, तालझारी थाना प्रभारी संगम पाठक ने बताया कि उन्हें इस संबंध में फिलहाल कोई जानकारी नहीं है. आवेदन के बारे में जानकारी प्राप्त कर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें…
दुमका में आकाशीय बिजली ने छीनी दो बहनों की जिंदगी, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
दुमका और गोड्डा कोर्ट पर हमले की धमकी से हड़कंप, स्पीड पोस्ट से भेजे गए पत्र के बाद हाई अलर्ट
