तैयार भवनों को जल्द करें हैंडओवर, जलसंकट का करें समाधान

दुमका में विकास कार्यों की डीसी ने की समीक्षा, समय पर कार्य पूरा करने का निर्देश

By RAKESH KUMAR | May 25, 2026 10:49 PM

दुमका. समाहरणालय सभागार में सोमवार को उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों के तकनीकी पदाधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गयी. बैठक में जिले में चल रहे निर्माण कार्यों, पेयजल योजनाओं और आधारभूत संरचना से जुड़ी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गयी. बैठक के दौरान उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि जिले में संचालित सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं. उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाये. उपायुक्त ने पूर्ण हो चुके आंगनबाड़ी केंद्रों और अन्य सरकारी भवनों की भौतिक जांच कर उन्हें संबंधित विभागों को अविलंब हैंडओवर करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि उपयोग के लिए तैयार भवनों को लंबे समय तक लंबित रखना उचित नहीं है क्योंकि इससे आम लोगों को योजनाओं का लाभ समय पर नहीं मिल पाता. सभी प्रक्रियाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने पर जोर दिया गया. बैठक में पेयजल योजनाओं की भी समीक्षा की गयी. उपायुक्त ने निर्देश दिया कि विभिन्न मदों से संचालित सभी पेयजल योजनाओं को शीघ्र पूरा कर चालू किया जाये. ताकि लोगों को पेयजल संकट का सामना न करना पड़े. उन्होंने गर्मी के मौसम को देखते हुए ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया. बैठक में उप विकास आयुक्त अनिकेत सचान समेत विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे.