हंसडीहा व बभनखेता के मुखिया को मिला राज्यस्तरीय सम्मान

उत्कृष्ट कार्यों, नवाचार व जनकल्याणकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन पर मिला सम्मान

By RAKESH KUMAR | April 25, 2026 11:11 PM

4 लाख की मिली प्रोत्साहन राशि, मंत्री ने प्रशस्ति-पत्र देकर किया सम्मानित हंसडीहा. दुमका जिले के सरैयाहाट प्रखंड अंतर्गत हंसडीहा पंचायत की मुखिया आशा हेंब्रम व बभनखेता पंचायत के मुखिया विनोद मुर्मू को उनके उत्कृष्ट कार्यों, नवाचार एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के लिए राज्य स्तर पर सम्मानित किया गया. यह सम्मान राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर रांची के खेलगांव स्थित ताना भगत इंडोर स्टेडियम में आयोजित “मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार सह मुखिया सम्मेलन 2026 ” के दौरान प्रदान किया गया. इसमें राज्य सरकार द्वारा बेहतर प्रदर्शन करने वाली पंचायतों और जनप्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया. समारोह में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडे सिंह के कर-कमलों द्वारा दोनों पंचायत प्रतिनिधियों को प्रशस्ति-पत्र व प्रोत्साहन राशि प्रदान की गयी. हंसडीहा पंचायत की मुखिया आशा हेंब्रम को उत्कृष्ट पंचायत के रूप में चयनित होने पर 10 लाख रुपये की राशि दी गई, जबकि बभनखेता पंचायत के मुखिया विनोद मुर्मू को श्रेष्ठ ग्रामसभा श्रेणी में शामिल करते हुए 4 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया गया. यह सम्मान पंचायतों में स्वच्छता, पारदर्शिता, योजनाओं के प्रभावी संचालन, ग्रामीण विकास, जनभागीदारी एवं नवाचारी कार्यशैली को ध्यान में रखते हुए प्रदान किया गया. दोनों मुखियाओं ने अपने-अपने क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने, ग्रामीणों तक समय पर लाभ पहुंचाने तथा विकास की नयी मिसाल कायम करने का कार्य किया है. पंचायतों में आधारभूत संरचना विकास, साफ-सफाई, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं ग्रामसभा की सक्रियता को लेकर किए गये प्रयासों की राज्य स्तर पर सराहना हुई. हंसडीहा व बभनखेता पंचायत को मिले इस सम्मान से न केवल सरैयाहाट प्रखंड बल्कि पूरा दुमका जिला गौरवान्वित हुआ है. उपलब्धि पर मुखिया संघ, प्रखंड कार्यालय के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने दोनों मुखियाओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं. इस अवसर पर हंसडीहा पंचायत सचिव रमाकांत मंडल एवं बभनखेता पंचायत के पंचायत सचिव अक्षय कुमार भी उपस्थित थे.