Dhanbad News: सदर अस्पताल में एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड मशीन का उद्घाटन

उपायुक्त बोले : न्यूनतम दर पर मिलेगी बेहतर स्वास्थ्य सेवा. जल्द शुरू होगी एमआरआइ व सीटी स्कैन की सुविधा.

By ASHOK KUMAR | June 10, 2026 2:08 AM

उपायुक्त आदित्य रंजन ने मंगलवार को सदर अस्पताल में एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, डेंटल एक्स-रे व आधुनिक लॉन्ड्री मशीन का उद्घाटन किया. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य हर व्यक्ति को निःशुल्क अथवा न्यूनतम दर पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है. उन्होंने बताया कि बंधन बैंक ने सीएसआर योजना के तहत अस्पताल को एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, डेंटल एक्स-रे और आधुनिक लॉन्ड्री मशीन उपलब्ध करायी है. इससे कम लागत में मरीजों को बेहतर जांच सुविधाएं मिल सकेंगी. उन्होंने कहा कि पिछले एक वर्ष में सदर अस्पताल ने उल्लेखनीय प्रगति की है. यहां रोज 600 से 700 मरीज ओपीडी में इलाज कराने पहुंच रहे हैं. आधुनिक उपकरणों और विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम की बदौलत यहां जटिल ऑपरेशन भी सफलतापूर्वक किये जा रहे हैं. मौके पर डीडीसी सन्नी राज, सीएस डॉ आलोक विश्वकर्मा, डीआरसीएचओ डॉ रोहित गौतम, डीएस डॉ संजीव कुमार प्रसाद, बंधन बैंक के सहायक उपाध्यक्ष अनिमेष मिश्रा, डॉ मिहिर झा समेत स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी मौजूद थे.

एमआरआइ, सीटी स्कैन की भी मिलेगी सुविधा

उपायुक्त ने बताया कि सदर अस्पताल में एमआरआइ, सीटी स्कैन, मॉड्यूलर आइसीयू, मॉड्यूलर किचन और आधुनिक ऑपरेशन थिएटर जैसी सुविधाएं भी विकसित की जायेंगी. अस्पताल के विस्तारीकरण के तहत अतिरिक्त फ्लोर का निर्माण, कार एवं बाइक पार्किंग, मरीजों व उनके परिजनों के लिए प्रतीक्षालय तथा शेड जैसी आधारभूत सुविधाएं भी विकसित की जायेंगी.