Dhanbad News: एसएसएलएनटी में परीक्षा के दौरान बिनोद बाबू की जयंती को लेकर हंगामा

Dhanbad News: प्राचार्या ने जेसीएम कार्यकर्ताओं को कॉलेज परिसर से बाहर निकाला

By MANOJ KUMAR | September 24, 2025 2:23 AM

Dhanbad News: एसएसएलएनटी महिला कॉलेज में मंगलवार को झारखंड छात्र मोर्चा (जेसीएम) के कार्यकर्ताओं ने बिनोद बाबू की जयंती के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित करने को लेकर जमकर हंगामा किया. कॉलेज प्रशासन ने कॉलेज परिसर में कार्यक्रम आयोजित करने से रोक दिया और जेसीएम कार्यकर्ताओं को बाहर निकाल दिया. इसके विरोध में जेसीएम कार्यकर्ताओं ने कॉलेज परिसर के बाहर प्राचार्या डॉ शर्मिला रानी का पुतला दहन किया और उनके खिलाफ नारेबाजी की.

मौके पर संगठन के जिला अध्यक्ष आजाद महतो, उपाध्यक्ष रूप श्री सोनी, कोषाध्यक्ष स्पर्श चौधरी, सचिव कुणाल पांडेय, संगठन सचिव साहिल कुमार, मीडिया प्रभारी विपाश राय, वैभव समेत दर्जनों छात्र-छात्राएं मौजूद थे. संगठन ने प्राचार्या डॉ शर्मिला रानी और वाणिज्य विभागाध्यक्ष विमल मिंज पर कार्रवाई की मांग की है.

क्या है मामला :

घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि मंगलवार को कॉलेज में पॉलिटेक्निक की परीक्षा दोनों पालियों में चल रही थी. साथ ही दूसरी पाली में एलएलबी की परीक्षा भी हो रही थी. परीक्षा को लेकर कॉलेज में निषेधाज्ञा लागू थी. पहली पाली की परीक्षा के दौरान जेसीएम कार्यकर्ता कॉलेज में घुस गये. गार्ड ने रोकने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं माने. जेसीएम कार्यकर्ताओं का कहना था कि वे कॉलेज में बिनोद बाबू की जयंती मनाने आये थे, लेकिन प्राचार्या ने उन्हें कार्यक्रम करने नहीं दिया.

प्राचार्या का पक्ष :

इधर, कॉलेज की प्राचार्या डॉ शर्मिला रानी ने बताया कि कॉलेज में परीक्षाएं चल रही थीं. यह लोग परीक्षा के दौरान कार्यक्रम करना चाह रहे थे, इसलिए उन्हें रोका गया. साथ ही उन्होंने कोई अनुमति भी नहीं ली थी. उन्होंने स्पष्ट किया कि विश्वविद्यालय प्रशासन के निर्देश पर कॉलेज में मंगलवार को बिनोद बाबू के साथ ही राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की जयंती भी मनायी गयी. प्राचार्या ने बताया कि घटना की सूचना विश्वविद्यालय प्रशासन, जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन को भी दे दी गयी है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है