Dhanbad News : इतनी बारिश में भी एकड़ा जोड़िया में पानी नहीं, सब जा रहा है भूमिगत खदान में

Dhanbad News : इतनी बारिश में भी एकड़ा जोड़िया में पानी नहीं, सब जा रहा है भूमिगत खदान में

By NARAYAN CHANDRA MANDAL | September 30, 2025 6:12 PM

Dhanbad News : बीसीसीएल के सिजुआ एरिया क्षेत्र अंतर्गत बहने वाली एकड़ा जोड़िया का अस्तित्व खतरे में है. इतनी बारिश के बावजूद यहां जोड़िया का पानी सूख गया है, इसका कारण एकड़ा हरिजन बस्ती के करीब जोड़िया के बीचो बीच बना एक गोफ है. जोड़िया का पूरा पानी उस गोफ में घुस कर जमीन के नीचे चला जा रहा है, जिससे जोड़िया मे पानी का स्तर घट गया है और वह नाले में तब्दील हो गयी है. जमीन के नीचे पानी किस खदान में जा रहा है, ये किसी को पता नहीं है. अगर जल्द इसकी मरम्मत कर इसे रोका नहीं गया तो यह किसी भी खदान को डूबा सकता है या फिर क्षेत्र में कहीं भी बड़े पैमाने पर जमीन भी धंस सकती है. उससे एक बड़ा हादसा होने से इंकार नहीं किया जा सकता है. दूसरी ओर, यहां के ग्रामीण भी जोड़िया के पानी पर आश्रित है. यहां कुंआ या तालाब नहीं है, जिस कारण लोग नहाने, कपड़े धोने व अन्य दैनिक जरूरतों के लिए जोड़िया के पानी पर ही निर्भर है. अब ऐसे में जोड़िया में पानी कम होने से लोग पानी की किल्लत से भी जूझ रहे हैं. इस ओर पर्यावरण विभाग, डीजीएमएस या जिला प्रशासन भी कोई ध्यान नहीं दे रहा है.

बीसीसीएल प्रबंधन तत्काल रोकने का उपाय करे : बीसीकेयू

मामले में बिहार कोलियरी कामगार यूनियन के संयुक्त महामंत्री मानस कुमार चटर्जी ने कहा कि एकड़ा जोड़िया में हरिजन बस्ती के बगल में गोफ बन गया है. जोड़िया का पानी गोफ के अंदर जा रहा है. बीसीसीएल प्रबंधन पानी के बहाव को गोफ के अंदर जाने से तत्काल रोकने का उपाय करे. जोड़िया का पानी एक खदान से दूसरी खदान पहुंच कर बड़ा नुकसान पहुंचा सकता है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है