Dhanbad News : बिजली चोरी पकड़ने गयी टीम को बंधक बना पीटा, दो इंजीनियर समेत छह कर्मी घायल

Dhanbad News : बिजली चोरी पकड़ने गयी टीम को बंधक बना पीटा, दो इंजीनियर समेत छह कर्मी घायल

By NARAYAN CHANDRA MANDAL | January 29, 2026 1:07 AM

Dhanbad News : गोविंदपुर थाना क्षेत्र के सहराज गांव में शुक्रवार अपराह्न करीब 3.30 बजे बिजली चोरी पकड़ने गयी टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया. लोगों ने बिजली विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बंधक बना कर मारपीट की. मारपीट में लाठी-डंडा व ईंट-पत्थरों का इसतेमाल किया गया. साथ ही, सरकारी वाहन में तोड़फोड़ की. घटना में निरसा बिजली विभाग के कर्मचारी हरेंद्र रवानी, देवेंद्र कच्छप, प्रसनजीत मोदक एवं जितेन गोराईं को गंभीर चोटें आयीं. कई लोगों का सिर फट गया. घायल कर्मियों का प्राथमिक इलाज निरसा के पांड्रा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में करवाया गया. इन्हें एसएनएमएमसीएच रेफर कर दिया गया है. इधर, ग्रामीणों का कहना है कि विद्युतकर्मियों ने ही उनलोगों के साथ दुर्व्यवहार किया. विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल के सहायक अभियंता नीतीश कुमार ने इस बाबत गोविंदपुर थाना में शिकायत की है. जान बचाकर भाग रहे बिजलीकर्मियों को घेर पीटा : सहराज गांव निरसा बिजली विभाग के अधीन आता है. बुधवार को राज्यव्यापी छापेमारी थी. विभाग के सहायक अभियंता नीतीश कुमार, कर्मी सूर्यभूषण सिंह, हरेंद्र रवानी, देवेंद्र कच्छप, प्रसनजीत मोदक, जितेन गोराईं, रोशन केरकेट्टा सहित अन्य सहराज गांव पहुंचे. जैसे ही अधिकारियों व कर्मचारियों ने घरों का निरीक्षण शुरू किया, लोगों ने एकत्रित होकर लाठी-डंडे हमला कर दिया. इससे अफरातफरी मच गयी. अधिकारी और कर्मचारी जान बचाकर भागने लगे. इसी क्रम में नीतीश कुमार एवं सूर्यभूषण सिंह घायल हो गये. लोगों ने हरेंद्र रवानी, देवेंद्र कच्छप, प्रसनजीत मोदक एवं जितेन रवानी को घेर लिया एवं उनके साथ बुरी तरह मारपीट की. जानकारी मिलने पर एग्जिक्यूटिव इंजीनियर मनोज कुमार निराला ने गोविंदपुर एसडीपीओ एवं थाना प्रभारी को घटना की जानकारी दी. पुलिस ने अधिकारियों व कर्मियों को बंधन मुक्त कराया.

आठ ग्रामीणों के खिलाफ थाने में शिकायत : सहायक विद्युत अभियंता नीतीश कुमार ने गोविंदपुर थाने में इस बाबत शिकायत की है. इसमें सहराज के हफीजुद्दीन अंसारी उर्फ शाहरुख को मुख्य आरोपी बनाया है. उसके अलावा शफीक अंसारी, मिनाज अंसारी, जाकिर अंसारी, अख्तर अंसारी, अरशद अंसारी, रवि दे, हलीम अंसारी वा हरवा-हथियार व ईंट पत्थर से हमला करने का आरोप लगाया है. श्री कुमार के अनुसार, लोगों ने सरकारी वाहन में तोड़फोड़ भी की.

कोट

साजिश के तहत विभागीय अधिकारी एवं कर्मियों के साथ मारपीट की गयी. राज्यव्यापी छापेमारी के तहत विभागीय कर्मी गांव में गये थे. उन पर लाठी-डंडे से लैस लोगों ने हमला किया.

मनोज कुमार निराला, कार्यपालक अभियंता, विद्युत विभाग