Dhanbad News: जिलेभर में की गयी व्यापक सुरक्षा ऑडिट, बैंक, एटीएम, ज्वेलरी दुकानों की सघन जांच

एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर सभी थाना क्षेत्रों में चला औचक सुरक्षा जांच अभियान. सीसीटीवी, अलार्म सिस्टम, सुरक्षा गार्ड और तलाशी व्यवस्था की हुई समीक्षा

By ASHOK KUMAR | June 3, 2026 1:26 AM

धनबाद जिले में अपराध नियंत्रण एवं आम नागरिकों की सुरक्षा को मजबूत बनाने के उद्देश्य से एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर मंगलवार को सभी थाना व ओपी क्षेत्रों में व्यापक औचक सुरक्षा जांच अभियान चलाया गया. इसके तहत बैंक, एटीएम, ज्वेलरी शॉप, ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी), पेट्रोल पंप व अन्य संवेदनशील प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया गया.

अभियान के दौरान सभी थाना व ओपी प्रभारियों के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित विभिन्न बैंकों व प्रतिष्ठानों का दौरा कर सुरक्षा मानकों की जांच की. पुलिस अधिकारियों ने बैंक प्रबंधकों, ज्वेलरी दुकानदारों, सीएसपी संचालकों एवं पेट्रोल पंप प्रबंधकों से सुरक्षा संबंधी जानकारी ली और सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने को कहा.

सभी बिंदुओं पर की गयी जांच

निरीक्षण के क्रम में बैंक परिसर के अंदर व बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच की गयी. इसके अलावा सुरक्षा अलार्म सिस्टम, आपातकालीन संपर्क व्यवस्था, अग्निशमन उपकरण तथा सुरक्षा गार्डों की तैनाती की भी समीक्षा की गयी. पुलिस अधिकारियों ने यह भी देखा कि बैंक व अन्य प्रतिष्ठानों में आने-जाने वाले लोगों की निगरानी व पहचान सत्यापन की प्रक्रिया प्रभावी ढंग से लागू की जा रही है या नहीं.

सभी पर रखें निगरानी

अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने बैंक परिसर व आसपास मौजूद संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों पर विशेष नजर रखी. कई स्थानों पर बैंक में प्रवेश करने वाले व्यक्तियों की पहचान की जांच की और गार्डों को निर्देश दिया कि वे हर आगंतुक पर सतर्क निगरानी रखें. जांच के दौरान कुछ स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था में कमियां भी पायी गयी और उसे दूर करने का निर्देश दिया गया.

संदिग्ध दिखे तो पुलिस को दें सूचना

एसएसपी ने सभी प्रतिष्ठानों के संचालकों से पुलिस के साथ समन्वय बनाकर काम करने, संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना देने तथा सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की.