Dhanbad News: संवाददाता, धनबाद. नगर निकाय चुनाव को लेकर शनिवार की शाम जहां प्रचार-प्रसार रुक गया, वहीं चुनाव में सभी 1019 बूथों पर शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से मतदान संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली है. मतदान सोमवार को सुबह सात से पांच बजे तक होगा. नगर निगम व चिरकुंडा नगर परिषद को सुरक्षा को देखते हुए छह सुपर जोन में बांटा गया है. वहीं हर जोन में एक-एक डीएसपी के साथ 25 पुलिस पदाधिकारी राइट कंट्रोल गियर व वाटर कैनन के साथ मौजूद रहेंगे. इसके अलावा बूथ से लेकर रिसीविंग सेंटर तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं. यह जानकारी जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त आदित्य रंजन ने शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में कही. उपायुक्त ने बताया कि आदर्श चुनाव आचार संहिता(एमसीसी) उल्लंघन करने की 42 शिकायत दर्ज हुई, जिसमें सभी का निराकरण कर दिया है एवं दो गंभीर मामले के शिकायत के निराकरण की प्रक्रिया जारी है.