धनबाद, झारखंड मुक्ति मोर्चा, धनबाद जिला समिति के नेतृत्व में केंद्र सरकार की नीतियों, व्यवसायिक गैस सिलिंडर के बढ़े दाम व महंगाई के खिलाफ गुरुवार को रणधीर वर्मा चौक पर धरना-प्रदर्शन किया गया. झामुमो जिलाध्यक्ष लखी सोरेन ने कहा कि केंद्र सरकार केवल बड़े पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने में लगी है, जबकि गरीब, मजदूर और छोटे व्यापारी लगातार आर्थिक संकट झेल रहे हैं. उन्होंने कहा कि महंगाई और गैस सिलिंडर के मूल्य वृद्धि के खिलाफ झामुमो सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगा. जिला सचिव मन्नू आलम ने कहा कि केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण छोटे दुकानदारों एवं मध्यम वर्ग का जीवन अस्त-व्यस्त हो चुका है. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जनता की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा.