धनबाद, नवाचार व उद्यमिता को नयी गति देने की दिशा में सेंटर फॉर इनोवेशन, इन्क्यूबेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप (सीआइआइइ) आइआइटी आइएसएम धनबाद फाउंडेशन ने कॉइनोवेट वेंचर्स के साथ गुरुवार को समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किये. इस साझेदारी का उद्देश्य संस्थान के विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं, नवप्रवर्तकों और उभरते उद्यमियों को निवेश, मार्गदर्शन और उद्योग जगत से जुड़ाव के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है. कॉइनोवेट वेंचर्स का नेतृत्व प्रसिद्ध उद्यमी एवं निवेशक अरिजीत भट्टाचार्य कर रहे हैं. एमओयू के साथ दोनों संस्थाओं ने एक स्ट्रेटेजिक कोलैबोरेशन एग्रीमेंट पर भी हस्ताक्षर किए हैं. इसके तहत आइआइटी आइएसएम परिसर में उद्यमिता आधारित गतिविधियों को बढ़ावा देने और स्टार्टअप संस्कृति को मजबूत बनाने के लिए संयुक्त रूप से कार्य किया जाएगा.