Dhanbad News: मजदूरी कराने ले जा रहे चार नाबालिग बरामद, एक गिरफ्तार

रेलवे सुरक्षा बल एवं सीआइबी धनबाद की संयुक्त टीम ने गुरुवार को ऑपरेशन आहत के तहत की कार्रवाई.

By ASHOK KUMAR | May 15, 2026 2:07 AM

रेलवे सुरक्षा बल एवं सीआइबी धनबाद की संयुक्त टीम ने गुरुवार को ऑपरेशन आहत के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए धनबाद रेलवे स्टेशन से चार नाबालिग बच्चों को बाल श्रम के लिए ले जाए जाने से बचाया. इस दौरान एक कथित बाल तस्कर को गिरफ्तार किया गया. प्रभारी निरीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि ट्रेन संख्या 13351 एलेप्पी एक्सप्रेस के सामान्य कोच में एक व्यक्ति कुछ नाबालिग बच्चों को जोखिमपूर्ण कार्य कराने के उद्देश्य से बाहर ले जा रहा है. वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देश पर गठित संयुक्त टीम ने धनबाद स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 07 पर छापेमारी की. टीम ने एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा, जिसके साथ चार नाबालिग बच्चे मौजूद थे. पूछताछ में बच्चों ने बताया कि उन्हें उनके पड़ोसी बिहार नारायण मांझी द्वारा चेन्नई और ईरोड में काम दिलाने के नाम पर पैसों का लालच देकर घरवालों को बिना बताए ले जाया जा रहा था. बच्चों ने बताया कि उन्हें यह भी जानकारी नहीं थी कि वहां उनसे कौन सा काम कराया जाएगा.