हर महिला को सम्मान, हर हाथ को मिले काम : अनुपमा

इंडिया महागठबंधन सह कांग्रेस प्रत्याशी ने किया जनसंपर्क

By Prabhat Khabar News Desk | May 8, 2024 1:12 AM

वरीय संवाददाता, धनबाद.

धनबाद लोकसभा सीट से इंडिया महागठबंधन सह कांग्रेस प्रत्याशी अनुपमा सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार के विरुद्ध महिलाओं में आक्रोश है. भाजपा सरकार के प्रति लोगों का विश्वास खत्म हो गया है. कारण केंद्र सरकार ने उज्ज्वला गैस का कनेक्शन देकर सिलेंडर के दाम तीन गुना बढ़ा दिये है. हजारों-करोड़ों की संपत्तियों को कौड़ियों के भाव अपने अडानी-अंबानी मित्रों को दे दिये. पिछले 10 साल में एक भी नयी फैक्ट्री नहीं लगी. उन्होंने कहा कि धनबाद लोकसभा क्षेत्र के हर महिला को सम्मान और हर हाथ को काम मिले, यह हमारी प्राथमिकता है. वह मंगलवार को धनबाद व निरसा विधानसभा क्षेत्र के कलियासोल प्रखंड में झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल हुईं. उन्होंने कलियासोल मोड़, सिमुलदांग, पिंड्राहाट, सालुकचापड़ा, आंखद्वारा, बारामुड़ी में जनसभा की और जामाडोबा आवासीय कार्यालय में महागठबंधन के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की.

नुक्कड़ सभा को किया संबोधित :

इस दौरान धनबाद विधानसभा के खैरा, केंदुआडीह, नया धौड़ा कॉलोनी, कुसुंडा पोस्ट ऑफिस, दस नंबर, 12 नंबर, पीट बलिहारी, कच्छी बलिहारी, गाजो पट्टी में जनसंपर्क किया. वहीं केंदुआ पुल से केंदुआ बाजार होते हुए केंदुआ चार नंबर तक जनसंपर्क व नुक्कड सभा को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि धनबाद लोकसभा की लड़ाई भाजपा-कांग्रेस की नहीं, बल्कि आम जनता की लड़ाई है. भय मुक्त धनबाद बनाने, युवाओं को रोजगार और यहां की ज्वलंत समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता होगी. धनबाद से माफिया राज के खिलाफ लड़ाई लडूंगी. इसलिए अपने भविष्य व धनबाद के विकास के लिए, इस बार इंडिया महागठबंधन को समर्थन दें.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है