Dhanbad News : हैवी ब्लास्टिंग के विरोध में ग्रामीणों ने रोका काम, सहायक प्रबंधक को घेरा

Dhanbad News : हैवी ब्लास्टिंग के विरोध में ग्रामीणों ने रोका काम, सहायक प्रबंधक को घेरा

By NARAYAN CHANDRA MANDAL | June 12, 2026 11:33 PM

Dhanbad News : बीसीसीएल महेशपुर कोलियरी में संचालित श्री इन्फ्रा आउटसोर्सिंग कंपनी में शुक्रवार दोपहर की गयी हैवी ब्लास्टिंग को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया. ब्लास्टिंग के दौरान हुए तेज कंपन और आवाज के कारण घरों व क्वार्टरों के लोग बाहर निकल आये. ग्रामीणों का आरोप है कि आउटसोर्सिंग कंपनी नियमों को ताक पर रखकर ब्लास्टिंग कर रही है. घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण आउटसोर्सिंग स्थल पहुंचे. ग्रामीणों का आक्रोश देख ब्लास्टिंग कार्य में शामिल अधिकारी वहां से निकल गये. इसी दौरान कोलियरी के सहायक प्रबंधक सह ब्लास्टिंग अधिकारी अरविंद कुमार को ग्रामीणों ने सिनीडीह फोरलेन चौक के पास घेर लिया और विरोध किया. आक्रोशित ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने बीसीसीएल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की और कंपनी के मुख्य गेट पर बैठकर प्रदर्शन किया. विरोध के कारण लगभग दो घंटे तक आउटसोर्सिंग का कार्य बाधित रहा. कहा कि जब तक ब्लास्टिंग को लेकर ठोस व्यवस्था नहीं की जाती, आउटसोर्सिंग में ब्लास्टिंग कार्य नहीं होने दिया जायेगा. बाद में कोलियरी प्रबंधक नारायण हांसदा ने दूरभाष पर ग्रामीणों से बातचीत कर उचित पहल का आश्वासन दिया. उसके बाद काम शुरू कराया गया.