Dhanbad News: एसएसपी ने किया केंदुआडीह थाना का औचक निरीक्षण

अभिलेखों से लेकर थाना संचालन तक हर व्यवस्था की हुई जांच. जनता की शिकायतों के त्वरित निष्पादन व बेहतर पुलिसिंग पर दिया जोर

By ASHOK KUMAR | June 13, 2026 1:46 AM

एसएसपी प्रभात कुमार ने शुक्रवार को केंदुआडीह थाना का औचक निरीक्षण किया. थाना पहुंचने पर पुलिस जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया. इसके बाद एसएसपी ने थाना परिसर का भ्रमण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया. उन्होंने थाना में संधारित अभिलेखों, अपराध पंजी, लंबित कांडों की स्थिति, वारंट एवं कुर्की निष्पादन, शिकायतों के निपटारे, मालखाना, हाजत तथा थाना परिसर की साफ-सफाई का जायजा लिया. उन्होंने थाना आने वाले फरियादियों की शिकायतों के निष्पादन की प्रक्रिया की भी जानकारी ली और यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि आम लोगों को पुलिस से जुड़ी सेवाएं समय पर और बिना परेशानी के उपलब्ध हों.

आम लोगों के साथ हो बेहतर संवाद

एसएसपी ने कहा कि जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित करना, उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनना तथा शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है. उन्होंने अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था संधारण व लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिये. वहीं थाना क्षेत्र में घटित प्रमुख घटनाओं, अपराध की वर्तमान स्थिति तथा अपराधियों के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियानों की समीक्षा की. क्षेत्र में नियमित गश्ती, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी व असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया. इस अवसर पर केंदुआडीह थाना प्रभारी प्रमोद पाण्डेय समेत अन्य मौजूद थे.