Dhanbad News : आउटसोर्सिंगकर्मियों ने स्थानीय युवक का सिर फोड़ा, फायरिंग
Dhanbad News : आउटसोर्सिंगकर्मियों ने स्थानीय युवक का सिर फोड़ा, फायरिंग
Dhanbad News : बीसीसीएल कुसुंडा क्षेत्र के ईस्ट बसुरिया कोलियरी में संचालित सत्यम इन्फ्रा आउटसोर्सिंग में शुक्रवार को आउटसोर्सिंग कर्मियों व खटाल के एक युवक के बीच झड़प हो गयी. उसमें युवक छोटू यादव घायल हो गया. निचितपुर खटाल निवासी छोटू का सिर फट गया है. उसका इलाज एसएनएमएमसीएच में चल रहा है. झड़प के दौरान गोली चलने की सूचना है, परंतु आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पायी है. इधर, सूचना पाकर निचितपुर खटाल के ग्रामीण भी छोटू के पक्ष में आये, लेकिन घटनास्थल पर पुलिस पहुंच चुकी थी. सूचना पर बाघमारा डीएसपी अजीत कुमार विमल, कतरास अंचल इंस्पेक्टर मो रुस्तम, ईस्ट बसुरिया ओपी प्रभारी सुधांशु श्रीवास्तव ने पहुंच कर जांच पड़ताल की. इधर, कतरास थानेदार प्रवीण कुमार ने ईस्ट बसुरिया ओपी पहुंचकर मामले की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिये. इस संबंध में किसी पक्ष ने थाना में कोई शिकायत नहीं की है.
कंपनी के लोगों ने घेर कर पिटाई की : छोटू यादव
घटना के संबंध में घायल छोटू यादव ने बताया कि उसका खटाल वहीं पर है. दिन दो बजे खाना खाने घर अकेले जा रहा था, तभी कंपनी के लगभग 50 लोगों ने उसे रोक कर मारपीट की. इस दौरान फायरिंग भी की. बोल रहे थे कि खटाल वाला धांधली व रंगदारी करता है. गाड़ी की चाबी भी छीन ली. उन्होंने एक आउटसोर्सिंग कर्मी पर फायरिंग करने का आरोप लगाया.क्या कहते हैं बाघमारा डीएसपी
बाघमारा डीएसपी अजीत कुमार विमल ने कहा कि सत्यम इन्फ्रा आउटसोर्सिंग में काम शुरू किया जा रहा था. इसी बीच छोटू यादव घर जा रहा था तो काम देखकर पूछताछ की. इसी बीच सत्यम इन्फ्रा के कर्मियों के साथ झड़प हो गयी, जिससे छोटू का सिर फट गया. फायरिंग की सूचना नहीं है. कहा इस मामले विधि सम्मत कार्रवाई की जायेगी.
