धनबाद, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम), झारखंड ने एसएनए-स्पर्श प्लेटफॉर्म पर आ रही तकनीकी समस्याओं को देखते हुए महत्वपूर्ण निर्देश जारी किया है. निदेशक वित्त की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि फिलहाल एलएनए- स्पर्श के माध्यम से आधार आधारित डीबीटी (डीबीटी) भुगतान प्रणाली सुचारु रूप से कार्य नहीं कर रही है. तकनीकी सुधार के कारण पीएफएमएस से आवश्यक डेटा फेच नहीं हो पा रहा है, जिससे भुगतान प्रक्रिया प्रभावित हो रही है.
इस स्थिति को देखते हुए राज्य स्तर पर वित्त प्रभाग, तकनीकी टीमों और पीएफएमएस प्रभाग के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है. तकनीकी समस्या के समाधान तक एनएचएम के सभी मानदेय, प्रोत्साहन राशि तथा अन्य देय भुगतानों का भुगतान खाता आधारित प्रणाली के माध्यम से करने का निर्णय लिया गया है, ताकि कर्मियों को भुगतान में अनावश्यक विलंब न हो. निर्देश में स्पष्ट किया गया है कि तकनीकी समस्या दूर होने के बाद लाभार्थियों का भुगतान पुनः आधार आधारित डीबीटी प्रणाली से ही किया जाएगा. सभी सिविल सर्जनों को नियमानुसार भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है. यह निर्णय स्वास्थ्य चिकित्सा, शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह के मार्गदर्शन में लिया गया है.