Dhanbad News: मनरेगा के चयनित अभ्यर्थियों को तीन दिनों में योगदान देने का निर्देश, वरना नियुक्ति रद्द

Dhanbad News: जिला ग्रामीण विकास शाखा की ओर से मनरेगा अधिनियम के तहत संविदा आधारित रिक्त पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को अंतिम अवसर देते हुए तीन दिनों के भीतर योगदान देने का निर्देश गुरुवार को जारी किया गया है.

By ANAND KUMAR UPADHYAY | June 12, 2026 1:08 AM

धनबाद, जिला ग्रामीण विकास शाखा की ओर से मनरेगा अधिनियम के तहत संविदा आधारित रिक्त पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को अंतिम अवसर देते हुए तीन दिनों के भीतर योगदान देने का निर्देश गुरुवार को जारी किया गया है. आदेशानुसार निर्धारित अवधि के भीतर योगदान नहीं देने वाले अभ्यर्थियों की नियुक्ति रद्द करने की अनुशंसा की जाएगी. यह निर्देश उप विकास आयुक्त-सह-अतिरिक्त जिला कार्यक्रम समन्वयक सन्नी राज की ओर से जारी किया गया है. आदेश के अनुसार इससे पहले भी विभाग की ओर से 23 मई को आदेश जारी करते हुए चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र जारी कर योगदान देने को कहा गया था. इसके बाद भी पांच लोगों ने अपनी सेवा नहीं दी. इसके बाद विभाग की ओर से अंतिम चेतावनी के रूप में आदेश जारी किया गया है..

पांच चयनित अभ्यर्थियों ने अब तक नहीं किया योगदान

जारी आदेश के अनुसार मनरेगा के तहत तकनीकी सहायक (कनीय अभियंता के समकक्ष), लेखा सहायक एवं कंप्यूटर सहायक पदों पर चयनित अभ्यर्थियों में ज्ञानी आलोक, प्रवीण कुमार, मो सद्दाम हुसैन अंसारी (तकनीकी सहायक/कनीय अभियंता), आशीष कुमार पंडित (कंप्यूटर सहायक) तथा दिलीप कुमार साव (लेखा सहायक) शामिल हैं. इन सभी अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र निर्गत किए जाने के बावजूद अब तक कार्यालय में योगदान नहीं करने की जानकारी दी गयी है. इसपर विभाग ने स्पष्ट किया है कि पत्र प्राप्ति के तीन दिनों के भीतर सभी चयनित अभ्यर्थियों को अपना योगदान अधोहस्ताक्षरी के कार्यालय में समर्पित करना होगा. यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर योगदान नहीं दिया जाता है तो यह माना जाएगा कि संबंधित अभ्यर्थी उक्त पद पर कार्य करने के इच्छुक नहीं हैं. ऐसी स्थिति में उनकी नियुक्ति रद्द करने की अनुशंसा की जाएगी.