Dhanbad News: खरीफ वर्ष 2026 के लिए 360 क्विंटल प्रमाणित बीज का मिला आवंटन

Dhanbad News: 50 प्रतिशत अनुदान पर किसानों को मिलेगा धान बीज, जिले के 16 पैक्सों के माध्यम से होगा बीज वितरण.

By ANAND KUMAR UPADHYAY | June 13, 2026 1:24 AM

धनबाद, खरीफ वर्ष 2026 में धान उत्पादन बढ़ाने और उन्नत कृषि को प्रोत्साहित करने के लिए जिला सहकारिता विभाग, धनबाद द्वारा राज्य योजनांतर्गत बिरसा बीज उत्पादन, विनिमय, वितरण तथा फसल विस्तार योजना के तहत किसानों को प्रमाणित धान बीज उपलब्ध कराया जाएगा.

इस संबंध में जिला सहकारिता पदाधिकारी वेद प्रकाश यादव ने गुरुवार को बताया कि इस योजना के अंतर्गत उत्तराखंड की सीड्स एंड तराई डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड से प्राप्त एमटीयू-7029 प्रभेद के 360 क्विंटल प्रमाणित धान बीज का आवंटन जिले को किया गया है. बीज की दर 4,090 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित की गयी है, जिसमें किसानों को 50 प्रतिशत अनुदान का लाभ मिलेगा. इसके तहत किसानों को प्रति क्विंटल केवल 2,045 रुपये का भुगतान करना होगा, जबकि शेष राशि सरकार द्वारा वहन की जाएगी. उन्होंने बताया कि इस संबंध में जिला स्तर से भी सभी पैक्स को आदेश जारी कर दिया है.

राजगंज पैक्स को मिली नोडल एजेंसी की जिम्मेदारी

डीसीओ ने बताया कि योजना के संचालन के लिए राजगंज पैक्स लिमिटेड, राजगंज को नोडल पैक्स बनाया गया है. नोडल पैक्स के माध्यम से प्राप्त बीज का वितरण जिले के विभिन्न प्रखंडों के चयनित पैक्सों को किया जाएगा. उन्होंने कहा कि बाघमारा प्रखंड के राजगंज रंगुनी पैक्स को सर्वाधिक 50 क्विंटल बीज आवंटित किया गया है. वहीं गोविंदपुर पैक्स को 30 क्विंटल बीज मिला है. इसके अलावा कोरकोट्टा, ब्रह्मणडीहा, पलानी, रघुनाथपुर, बलियापुर, उरमा, घाघरा, निरसाचट्टी, बिराजपुर, तिलैया जमुआ, ओझाडीह कटनियां, टुंडी व्यापार मंडल तथा लटानी फतेहपुर सहित अन्य पैक्सों को 20-20 क्विंटल बीज आवंटित किया गया है. कुल 16 पैक्सों के माध्यम से 360 क्विंटल प्रमाणित धान बीज किसानों के बीच वितरित किया जाएगा. विभाग ने सभी संबंधित पैक्सों को पारदर्शी तरीके से वितरण सुनिश्चित करने तथा अधिक से अधिक किसानों तक योजना का लाभ पहुंचाने का निर्देश दिया है.