Dhanbad News : प्रेमी युगल ने ट्रेन के आगे लगायी छलांग, युवक की मौत, युवती गंभीर

Dhanbad News : प्रेमी युगल ने ट्रेन के आगे लगायी छलांग, युवक की मौत, युवती गंभीर

By NARAYAN CHANDRA MANDAL | June 15, 2026 10:59 PM

Dhanbad News : महुदा-तलगड़िया रेलखंड के बारकी सिंहडीह रेलवे पुल पर सोमवार तड़के प्रेमी युगल एक ट्रेन के आगे कूद गया. हादसे में प्रेमी की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि प्रेमिका गंभीर रूप से घायल हो गयी. उसे इलाज के लिए धनबाद के एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया गया है, जहां हालत चिंताजनक बनी हुई है. मृतक की पहचान बोकारो जिले के चास मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के डूमरदाहा गांव निवासी रथु देशवाली के पुत्र 19 वर्षीय श्रीकांत देशवाली के रूप में हुई है. वहीं, घायल युवती धनबाद जिले के तोपचांची थाना क्षेत्र अंतर्गत कोटालडीह-ब्राह्मणडीहा निवासी टिपन रजवार की 20 वर्षीया पुत्री सरस्वती कुमारी है. जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब चार बजे बारकी सिंहडीह रेलवे पुल पर दोनों ने ट्रेन के आगे छलांग लगा दी. श्रीकांत की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि सरस्वती के दोनों पैर टूट गये और शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आयी हैं. सूचना मिलते ही महुदा आरपीएफ इंस्पेक्टर कुमार राजीव, महुदा थाना प्रभारी पवन चंद्र पाठक व चास मुफ्फसिल थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने घायल युवती को तत्काल इलाज के लिए धनबाद भेजा, जबकि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में ले लिया. बताया जाता है कि लगभग तीन माह पूर्व दोनों के संबंधों को लेकर पंचायती हुई थी. दोनों को एक दूसरे से नहीं मिलने की हिदायत दी गयी थी. श्रीकांत देशवाली चास-तलगड़िया मुख्य मार्ग पर स्थित बिजुलिया मार्केट की एक दुकान में काम कर रहा था. रविवार की शाम दुकान बंद करने के बाद वह अपने घर गया था. दोनों किस ट्रेन के आगे कूदे, इसका पता नहीं चला है.

रविवार से घर से लापता थी सरस्वती कुमारी

: घटना के कारण रेल परिचालन प्रभावित रहा. पुरी से आनंद विहार जाने वाली 12819 उड़ीसा संपर्क क्रांति एक्सप्रेस तलगड़िया स्टेशन पर करीब दो घंटे 19 मिनट तक खड़ी रही. रेलवे ट्रैक से शव हटाने और आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद सुबह करीब सात बजे परिचालन सामान्य हो सका. मृतक के पिता रथु देशवाली ने बताया कि दोनों के बीच प्रेम संबंध था और वे शादी करना चाहते थे. वहीं, युवती के पिता टिपन रजवार ने बताया कि उनकी बेटी रविवार से घर से लापता थी. रातभर खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चला. सोमवार सुबह आरपीएफ से सूचना मिली कि वह एसएनएमएमसीएच में भर्ती है. फिलहाल, महुदा पुलिस मामले की जांच कर रही है. घायल युवती के बयान के बाद घटना के कारणों और परिस्थितियों के संबंध में स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी.