धनबाद, धनबाद जिला कांग्रेस में चल रही अंदरूनी खींचतान और सार्वजनिक बयानबाजी अब प्रदेश नेतृत्व के लिए चिंता का विषय बन गयी है. इसी कड़ी में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा गठित दो सदस्यीय जांच कमेटी ने शनिवार को धनबाद परिसदन में जिला कांग्रेस के विभिन्न गुटों के नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनका पक्ष सुना.
जांच कमेटी में प्रदेश को-ऑर्डिनेटर सुरेंद्र सिंह और प्रदेश मीडिया संयोजक डॉ एम तौसीफ शामिल थे. बैठक के दौरान असंतुष्ट नेताओं ने कांग्रेस के जिलाध्यक्ष संतोष सिंह को पद से हटाने की अपनी मांग दुहरायी. उनका आरोप था कि संगठन में उन्हें जानबूझकर नजरअंदाज किया जा रहा है और निर्णय लेने की प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाता. वहीं संतोष सिंह समर्थकों ने जिलाध्यक्ष का बचाव करते हुए कहा कि पिछली जिला कमेटी की तुलना में इस बार कमेटी का आकार काफी छोटा है. ऐसे में सभी कार्यकर्ताओं और नेताओं को पद देना संभव नहीं हो पाया है.