Dhanbad News: कोलकर्मी की अस्पताल में मौत, नियोजन के लिए प्रदर्शन

Dhanbad News: महेशपुर साइलो प्लांट में फीटर था शंकर मिस्त्री

By OM PRAKASH RAWANI | June 15, 2026 1:51 AM

Dhanbad News: बीसीसीएल बरोरा एरिया के महेशपुर साइलो प्लांट में फीटर पद पर कार्यरत सिंदवारटांड़ निवासी शंकर मिस्त्री (52) की इलाज के दौरान रविवार को केंद्रीय अस्पताल धनबाद में मौत हो गयी. 28 अप्रैल को ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था. इधर, परिजन शव लेकर एएमपी कोलियरी कार्यालय पहुंचे और आश्रित को नियोजन की मांग को लेकर प्रदर्शन किया. सूचना मिलने पर यूनियन नेताओं व जनप्रतिनिधियों ने पहुंच कर आंदोलन का समर्थन किया. प्रबंधन से आश्रित को शीघ्र नियोजन देने की मांग की.

जीएम के आश्वासन पर शांत हुए परिजन

बरोरा जीएम केके सिंह ने सोमवार को वार्ता कर नियोजन प्रक्रिया पूरी कराने का आश्वासन दिया. इसके बाद परिजन शांत हुए और आंदोलन स्थगित कर दिया. मृतक के घर में पत्नी के अलावा इकलौता पुत्र राहुल कुमार है. घटना से मुराइडीह कॉलोनी एवं सिंदवारटांड़ में मातम है. शंकर मिस्त्री मुराइडीह कॉलोनी में बीसीसीएल क्वार्टर में रहता था. मौके पर एटक के बरोरा क्षेत्रीय सचिव संतोष गोराईं, पूर्व पंसस नवीन सिंह, अमरेंद्र कुमार, नवल किशोर महतो, एनडी पांडे, सुमन पांडे, कमल महतो, संतोष महतो, पंकज शर्मा, राहुल कुमार, योगेंद्र मिस्त्री, बीरेंद्र चौहान सहित अन्य लोग उपस्थित थे.