हफ्ते में तीन दिन चलेगी धनबाद-भोपाल एक्सप्रेस ट्रेन, रांची रोड में ठहराव

Indian Railways News: भारतीय रेलवे 27 फरवरी से धनबाद-भोपाल एक्सप्रेस ट्रेन सप्ताह में तीन दिन चलाएगा. रांची रोड सहित कई स्टेशनों पर ठहराव होगा. 22 एलएचबी कोच वाली इस ट्रेन से झारखंड और मध्य प्रदेश के यात्रियों को सीधी और सुविधाजनक रेल सेवा का लाभ मिलेगा. इससे संबंधित पूरी खबर नीचे पढ़ें.

By KumarVishwat Sen | February 25, 2026 1:20 PM

Indian Railways News: भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए धनबाद और भोपाल के बीच एक नई एक्सप्रेस ट्रेन के परिचालन की घोषणा की है. ट्रेन संख्या 11631/11632 भोपाल-धनबाद-भोपाल एक्सप्रेस का नियमित संचालन 27 फरवरी से शुरू होगा. यह ट्रेन सप्ताह में तीन दिन चलेगी और झारखंड, बिहार समेत मध्य प्रदेश के कई महत्वपूर्ण स्टेशनों को जोड़ेगी.

इन मार्गों से होकर गुजरेगी ट्रेन

यह नई ट्रेन बोकारो थर्मल, रांची रोड, पतरातू, टोरी, डालटनगंज, गढ़वा, चोपन और सिंगरौली होते हुए धनबाद और भोपाल के बीच चलेगी. इस रूट से यात्रा करने वाले यात्रियों को सीधी कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा. खासकर रांची रोड स्टेशन पर ठहराव से स्थानीय यात्रियों को बड़ी सुविधा होगी.

कोच संरचना और सुविधाएं

दोनों ट्रेनों में कुल 22 एलएचबी कोच लगाए जाएंगे. इनमें वातानुकूलित प्रथम श्रेणी का एक कोच, वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी के दो कोच, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के छह कोच, शयनयान श्रेणी के सात कोच और साधारण श्रेणी के चार कोच शामिल हैं. एलएचबी कोच होने से यात्रियों को अधिक सुरक्षा और आरामदायक सफर का अनुभव मिलेगा. यह जानकारी हाजीपुर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने दी.

भोपाल से धनबाद का टाइम-टेबल

ट्रेन संख्या 11631 भोपाल-धनबाद एक्सप्रेस 27 फरवरी से प्रत्येक शुक्रवार, सोमवार और गुरुवार को भोपाल से रात 20:55 बजे रवाना होगी. यह ट्रेन बीना, दमोह और कटनी मुरवाड़ा के रास्ते अगले दिन सुबह 08:45 बजे सिंगरौली पहुंचेगी. इसके बाद 10:20 बजे चोपन, 11:20 बजे रेणुकूट, 12:35 बजे गढ़वा, 13:20 बजे डालटनगंज, 14:52 बजे टोरी, 16:15 बजे पतरातू और 17:05 बजे रांची रोड स्टेशन पर ठहरते हुए रात 20:20 बजे धनबाद पहुंचेगी.

धनबाद से भोपाल का टाइम-टेबल

ट्रेन संख्या 11632 धनबाद-भोपाल एक्सप्रेस एक मार्च से प्रत्येक रविवार, बुधवार और शनिवार को सुबह 07:20 बजे धनबाद से प्रस्थान करेगी. यह ट्रेन 09:45 बजे रांची रोड, 10:20 बजे पतरातू, 11:20 बजे टोरी, 12:46 बजे डालटनगंज, 13:35 बजे गढ़वा, 15:08 बजे रेणुकूट, 16:05 बजे चोपन और 18:50 बजे सिंगरौली पहुंचते हुए अगले दिन सुबह 07:00 बजे भोपाल पहुंचेगी.

इसे भी पढ़ें: धनबाद को हेमंत सोरेन सरकार की सौगात, 12 एकड़ जमीन पर बनेगा अंतरराज्यीय बस टर्मिनल

यात्रियों को मिलेगा सीधा लाभ

इस नई ट्रेन सेवा से झारखंड और मध्य प्रदेश के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी. खासकर कोयला क्षेत्र और औद्योगिक इलाकों से जुड़े यात्रियों को सीधी रेल सुविधा उपलब्ध होगी. सप्ताह में तीन दिन चलने वाली यह एक्सप्रेस ट्रेन क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करेगी और लंबी दूरी की यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाएगी.

इसे भी पढ़ें: रांची के बाद अब धनबाद कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, भारी संख्या में पुलिस बल तैनात