Dhanbad News: अपार्टमेंट में असम की युवती से दुष्कर्म का प्रयास

युवती का आरोप: काम का झांसा देकर धनबाद स्टेशन से ले गया था ‘घर’ . शोर मचाने पर बची अस्मत.

By ASHOK KUMAR | June 15, 2026 2:25 AM

गोविंदपुर थाना क्षेत्र के भुइफोड़ स्थित एक बड़े अपार्टमेंट में रविवार को असम की एक युवती के साथ कथित रूप से दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है. युवती के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी युवक को पकड़ लिया. पुलिस के हवाले कर दिया. घटना के बाद परिसर में काफी देर तक हंगामा होता रहा. सूचना मिलने पर गोविंदपुर थाना की गश्ती टीम मौके पर पहुंची और आरोपी तथा युवती को थाना ले गयी. पुलिस के अनुसार एक आरोपी बरमसिया का रहने वाला है. जानकारी के अनुसार आपणो घर परिसर में एक व्यवसायी ने कई फ्लैट किराये पर दिये गये हैं. इन फ्लैटों की देखरेख और सफाई के लिए एक कर्मचारी नियुक्त है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी को परिसर में प्रवेश दिलाने में उसकी क्या भूमिका रही और क्या इस घटना में किसी अन्य व्यक्ति की भी संलिप्तता है. पुलिस फ्लैट के मालिक को भी हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.

क्या है मामला

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती असम से अपनी सहेलियों के साथ घूमने आयी थी. धनबाद रेलवे स्टेशन पर उसकी ट्रेन छूट गयी. इसका फायदा उठा आरोपी उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ भुइफोड़ स्थित आपणो घर परिसर ले गया. बताया जा रहा है कि आरोपी का एक परिचित व्यक्ति उक्त परिसर में साफ-सफाई का काम करता है. आरोप है कि फ्लैट में उसने युवती के साथ अश्लील हरकतें शुरू कर दीं और दुष्कर्म का प्रयास किया. युवती किसी तरह वहां से निकलकर शोर मचाते हुए बाहर भागी. उसकी आवाज सुन आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया.

स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी सूचना

स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तुरंत गोविंदपुर पुलिस को दी. पुलिस ने पहुंचकर आरोपी को हिरासत में लिया. युवती को भी सुरक्षा के साथ थाना ले गयी. घटना के बाद परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई और काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.

युवती के बयान के बाद होगी आगे की कार्रवाई : डीएसपी

डीएसपी कुमार विनोद ने बताया कि पीड़िता फिलहाल मानसिक व शारीरिक रूप से काफी परेशान है. उसकी स्थिति को देखते हुए तत्काल बयान दर्ज नहीं किया जा सका है. उन्होंने कहा कि युवती का बयान दर्ज होने के बाद उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी. डीएसपी ने यह भी बताया कि युवती का मोबाइल फोन खो गया है, इसके कारण उसके परिजनों से संपर्क नहीं हो सका है. पुलिस अन्य माध्यमों से उसके परिजनों का पता लगाने का प्रयास कर रही है. वहीं आरोपी से पूछताछ जारी है.

फ्लैट मालिक पहले भी हो चुका है गिरफ्तार

पुलिस ने बताया कि जिस फ्लैट में युवती के साथ दुष्कर्म का प्रयास करने की बात सामने आ रही है. उक्त फ्लैट के मालिक को अक्तूबर 2025 में तेलंगाना पुलिस ने यहां आकर गिरफ्तार किया था. उस पर साइबर ठगी का मामला था.