Dhanbad News : बीसीसीएल बरोरा क्षेत्र की एएमपीसी परियोजना में कार्यरत ट्रामर हीरू महतो की मंगलवार को इलाज के दौरान दुर्गापुर के एक निजी अस्पताल में मौत हो गयी. मौत की खबर के बाद परिजनों और संयुक्त मोर्चा के नेताओं ने शव के साथ जीएम कार्यालय पर धरना दिया. प्रबंधन के साथ करीब छह घंटे तक चले गतिरोध और अनिश्चितकालीन चक्का जाम की चेतावनी के बाद प्रशासन हरकत में आया और मृतक के बेटे को प्रोविजनल नियोजन पत्र सौंपा गया. वह दुगदा पाथरकुल्ही का निवासी था. बरोरा क्षेत्र के जीएम केके सिंह के हस्तक्षेप के बाद प्रबंधन और मोर्चा नेताओं के बीच वार्ता हुई. मौके पर प्रबंधन की ओर से एजीएम पी पांडेय, पीओ टीएस चौहान, क्षेत्रीय प्रबंधक (प्रशासन) अजय सिंह यादव संतोष सिन्हा, और अलिशा मिंज मौजूद थीं. वहीं यूनियन से लगनदेव यादव, जेके झा, गोपाल मिश्रा, देवानंद राजभर, अनूप चौहान, मो मंसूर आलम, देवानंद चौहान और माथुर रजक, मनोज मोदी आदि थे.