निकाय चुनाव की तैयारियों पूरी कर ली गयी हैं. वोटरों को मतदान के लिए जागरूकता किया जायेगा. जहां कम वोटिंग होती है, वहां विशेष जागरुकता अभियान चलाकर मतदान प्रतिशत बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा. उक्त बातें उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी आदित्य रंजन ने रविवार को प्रेस कांफ्रेंस कर कही. उन्होंने बताया कि 23 फरवरी को चुनाव के दिन सभी मतदान केंद्रों में पर्याप्त संख्या में सुरक्षाबल तैनात रहेंगे. सभी मतदान केंद्रों में एश्योर्ड मिनिमम फैसिलिटी की विशेष व्यवस्था रहेगी. सभी सुविधाओं के साथ हर बूथ मॉडल बूथ होगा. वहीं एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि जिले में 1016 लाइसेंसी आर्म्स धारकों में से अब तक मात्र 189 ने ही अपने हथियार थाना में जमा किये हैं. अंतिम तिथि 15 फरवरी तक अपने शस्त्र नजदीकी थाना में जमा करें, अन्यथा लाइसेंस कैंसिल कर दिया जायेगा. अगर किसी को आर्म्स किसी सुरक्षा कारणों से रखना है तो प्रशासन को आवेदन देना होगा. मौके पर जिला पंचायती राज पदाधिकारी मुकेश कुमार बाउरी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सुनील सिंह समेत सभी निर्वाची पदाधिकारी मौजूद थे.
एसडीएम कार्यालय में बनाया गया है कंप्लेन मॉनिटरिंग सेल
उपायुक्त ने कहा कि निष्पक्ष चुनाव के लिए फ्लाइंग स्क्वायड टीम, स्टेटिक सर्विलांस टीम, सीसीटीवी कैमरे, चेक पोस्ट के साथ अनुमंडल दंडाधिकारी के कार्यालय में कंप्लेन मॉनिटरिंग सेल व एक्सपेंडिचर सेल कार्यरत है. आचार संहिता का उल्लंघन होने पर मॉनिटरिंग सेल या प्रेक्षकों से शिकायत कर सकते हैं.