धनसार थाना क्षेत्र के रानी रोड भूदा निवासी पप्पू सिंह के घर में रविवार की रात अचानक आग लग गयी. इस घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गयी. हालांकि, समय रहते परिवार और स्थानीय लोगों की सूझबूझ से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन घर में रखी करीब तीन लाख रुपये की संपत्ति जल गयी. गृहस्वामी पप्पू सिंह ने बताया कि रविवार की रात उनकी बेटी घर के एक कमरे में खेल रही थी. कमरे में पहले से ही दीपक जल रहा था. खेल-खेल में बच्ची से दीपक नीचे गिर गया. इससे पास में रखे सोफे में आग लग गयी. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और कमरे में रखे दीवान, कपड़े तथा अन्य सामान को अपनी चपेट में ले लिया.